कल्याणपुर स्थित अनुसूचित जाति महिला छात्रावास की दो छात्राओं ने शनिवार को पुलिस कमिश्नर से मिलकर वार्डन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। छात्राओं ने कहा कि वार्डन गुड़िया ने शराब के नशे में उनके बाल नोंचकर पीटा है। कॅरिअर खराब करने की धमकी दी है। पुलिस कमिश्नर के आदेश पर एसीपी कल्याणपुर अभिषेक पांडेय मामले की जांच कर रहे हैं। कल्याणपुर के इंद्रानगर में अनुसूचित जाति महिला छात्रावास में बुधवार देर रात वार्डन गुड़िया व छात्राओं के बीच मारपीट हुई थी। सूचना पर समाज कल्याण अधिकारी, उपनिदेशक समाज कल्याण, छात्रावास अधीक्षक और कल्याणपुर थाने की पुलिस पहुंची थी। पुलिस व अधिकारियों ने दोनों छात्राओं को समझाकर शांत कराया था। महिला कर्मचारी गुड़िया को चेतावनी दी गई थी। मामले में शनिवार को आईआईटी पांडुनगर से पढ़ाई कर रहीं कन्नौज निवासी छात्राएं पुलिस कमिश्नर अखिल कुमार से मिली। शिकायती पत्र सौंपकर वार्डन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।