शनिवार देर शाम आए बेमौसम तेज आंधी-बारिश ने ग्रामीण क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को प्रभावित कर दिया। साढ़ 220 केवी स्टेशन से पसेमा सबस्टेशन को जाने वाली 33KV विद्युत लाइन में फाल्ट आने से पूरी सप्लाई ठप हो गई। लाइन में आई खराबी के कारण पसेमा सबस्टेशन बंद हो गया, जिससे जुड़े 22 गांव बीते करीब छह घंटे से अंधेरे में डूबे रहे। आंधी और तेज बारिश के बीच घनघोर अंधेरे में बिजली विभाग की टीम को फाल्ट खोजने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। तेज हवा और गीले हालात के चलते लाइन की जांच और मरम्मत का काम प्रभावित हुआ, जिससे आपूर्ति बहाल करने में देरी हुई।