नगर के राजधानी मार्ग के दोनों छोर के मुख्य नालों पर पत्थर टूटे होने के कारण राहगीर गिर कर घायल हो रहे है। साथ ही भीषण सड़ांध होने के कारण आस-पास रहने वालों को काफी दिक्कतें उठानी पड़ रही है। पोनी तिराहा से आजाद नगर धोबिन पुलिया तक जगह-जगह नाले टूटे होने के कारण लोगों को काफी दिक्कतें उठानी पड़ रही है। बता दे कि राजधानी मार्ग के दोनों छोर मुख्य नालों में नगर के वार्डो का गंदा पानी बहाया जाता है जिसका निकास धोबिन पुलिया छोर है। नालों के ऊपर नगर पालिका द्वारा चार साल पहले लाखों की लागत से पत्थर डलवाए गए थे जो अब जगह-जगह से जर्जर होकर टूट गए है। कई जगह नालों पर पत्थर न होने के कारण यहां से निकलने वाले राहगीर वाहन समेत नाले में गिर जा रहे है। जिससे कई वाहन सवार चुटहिल तक हो जाते है। क्षेत्र के रहने वाले वीरेंद्र शुक्ला, राजीव शुक्ला, राजन कनौजिया ने बताया कि कई बार इसकी जानकारी नगर पालिका को दी गईं लेकिन समस्या जस की तस है। दिन की अपेक्षा रात में लोगों को दिक्कतें अधिक होती है अंधेरा होने के कारण खुले नाले दिख नही पाते और उससे निकलने वाली गंध से लोगों का जीना मुहाल है। पालिका ईओ मुकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि जेई को खुले नालों पर नए पत्थर डलवाए जाने के निर्देश दिए गए है।