सरैया आरओबी का निर्माण कार्य रफ्तार पकड़ने लगा है। सेतु निगम मरहला चौराहे पर पिलर संख्या 24 से 25 के बीच स्लैब डालने का कार्य तेजी से करा रहा है। शनिवार को आरओबी के एक छोर की स्लैब का कार्य पूरा हो गया, जबकि दूसरे छोर की स्लैब का कार्य शुरू करा दिया गया है। काम पूरा होने के बाद बंद किया गया मार्ग आवागमन के लिए खोल दिया जाएगा। मरहला चौराहे के शुक्लागंज से उन्नाव की ओर जाने वाला मुख्य मार्ग स्लैब डालने के काम की वजह की एक सप्ताह से बंद है। इससे लोगों को रोजाना जाम की समस्या से जूझना पड़ रहा है। इसे देखते हुए पुलिस और यातायात विभाग ने कार्य जल्द खत्म कराए जाने को सेतु निगम को कहा है। कार्य तेजी से कराते हुए पांच दिन में ही सेतु निगम ने पिलर संख्या 24 से 25 के बीच का एक छोर का स्लैब का काम पूरा करते हुए शनिवार से दूसरे छोर का स्लैब का कार्य शुरू करा दिया है। सेतु निगम के एई धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि अगले सात दिनों में दूसरे छोर का कार्य भी लगभग खत्म कर दिया जाएगा।