सरैया रेलवे क्रॉसिंग का फाटक सोमवार को दोपहर करीब 12:30 बजे अचानक खराब हो गया। इससे फाटक बंद नहीं हो सका। इसी बीच लखनऊ की ओर जा रही एक मालगाड़ी को कुछ देर रोकना पड़ा। कई यात्री ट्रेनों को इमरजेंसी स्लाइडर गेट लगाकर धीमी गति से निकाला गया। इसकी वजह से क्रॉसिंग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, करीब दो घंटे तक जाम लगा रहा। जाम में फंसे राहगीरों को खासी दिक्कत झेलनी पड़ी। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया। सोमवार को दोपहर 12:30 बजे क्रॉसिंग के गेटमैन सत्यप्रकाश फाटक बंद करने लगे, तभी केबल खराब हो गई और फाटक बंद नहीं हो सका। इसी बीच कानपुर से लखनऊ की ओर जा रही मालगाड़ी को छमकनाली रेल पुलिया के पास रोक दिया गया। करीब चार मिनट तक मालगाड़ी खड़ी रही। गेट मैन ने बताया कि इमरजेंसी रेलवे फाटक को लगाने के लिए पास की झाड़ियों में वह जैसे ही पहुंचे उसके ऊपर लोहे की प्लेट गिरी पड़ी थी, जिससे उसे निकालने में दिक्कतें आई। इसकी जानकारी एसएंडटी विभाग को दी गई। मौके पर पहुंचे कर्मचारियों ने मरम्मत कार्य शुरू किया। मरम्मत के बाद रेलवे फाटक सही हो सका। इसके बाद रेल और सड़क यातायात सामान्य हो सका। इस दौरान ट्रेनों को धीमी गति से निकाला गया। दोपहर 12:30 बजे लगा जाम 2:30 बजे खत्म हुआ।