शिक्षित और बुद्धिमान होने में काफी फर्क है। डिग्री पाकर आप शिक्षित तो हो सकते हैं, लेकिन यह आपकी बुद्धिमत्ता का प्रमाण नहीं है। अगर आप किसी की पीड़ा नहीं समझ रहे हैं तो आपके सर्टिफिकेट किसी काम के नहीं हैं। यह बातें बुधवार को अमर उजाला, सीएसजेएमयू और एक्सिस कॉलेज के सहयोग से आयोजित भविष्य ज्योति सम्मान समारोह-2025 में मुख्य अतिथि और छत्रपति शाहूजी महाराज विवि के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने कही। उन्होंने छात्रों से कहा कि शिक्षा के साथ-साथ संस्कारवान होना बेहद जरूरी हैं। अपनी परेशानी को एक दूसरे से शेयर करें। मोबाइल की दुनिया से बाहर आकर वास्तविक दुनिया में जीएं और अपने स्वास्थ्य को बेहतर रखें। सीएसजेएमयू में आयोजित समारोह में यूपी, सीबीएसई और सीआईएससीई बोर्ड के 10वीं और 12वीं के मेधावियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रो. पाठक के साथ एक्सिस कॉलेज की डॉ. शुभा जैन, एडवांस ग्रुप ऑफ कॉलेज के चेयरमैन डॉ. सीएस भार्गव, मैक के निदेशक रमन शर्मा ने दीप जलाकर किया।