श्री नर्मदेश्वर महादेव मंदिर सेवा समिति के तत्वावधान में रविवार को साकेतनगर स्थित नर्मदेश्वर मंदिर में खाटू श्याम जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान शोभायात्रा निकाली गई जिसमें सैकड़ों की संख्या में भक्त शामिल हुए। जगह-जगह पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया। मंदिर प्रांगण में सबसे पहले पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद निकाली गई शोभायात्रा श्री नर्मदेश्वर मंदिर से टेलीफोन एक्सचेंज रोड, मॉडल कॉलोनी होते हुए सुभाष इंटर कॉलेज, किदवईनगर थाना, गुंजन स्वीट्स, दीप चौराहा, पीपीएम हॉस्पिटल, बाबा रोड, कांशीराम कॉलोनी, उस्मानपुर, अमन पैराडाइस होते मंदिर में पहुंचकर समाप्त हुई। यात्रा में भगवान शंकर, हनुमान जी, श्री राम दरबार, श्रीकृष्ण, मां काली, दुर्गा जी की झांकियां और श्री श्याम बाबा की चौकी शामिल थी। भजन-कीर्तन करते भक्तों की टोली पूरे मार्ग में भक्ति रस घोलती रही। शोभायात्रा में शामिल महिलाएं सिर पर कलश रखकर जयकारे लगा रही थीं। यात्रा का संचालन अर्चित त्रिवेदी और अर्पित द्विवेदी ने किया।