पालिका क्षेत्र के कानपुर रोड स्थित मडपंप के बगल में बनने वाली बरातशाला का संशोधित डीपीआर तैयार कर शासन को भेजा गया। शासन से स्वीकृत मिलते ही निर्माण शुरू हो जाएगा। विधायक सरोज कुरील की पहल से यह सौगात कस्बे वासियों को मिली है। मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना से पालिका क्षेत्र में बरातशाला के लिए कानपुर रोड पर मडपंप के बगल की जमीन चिह्नित की गई थी। पूर्व में उसका डीपीआर भेजा गया था। जिसमें उसकी लागत 6.98 करोड़ थी। लागत अधिक आने पर 3.25 करोड़ की स्वीकृति मिली थी। जिसके चलते अब संशोधित डीपीआर भेजी गई है। नए डीपीआर के अनुसार बरातशाला में 295 लोगों की क्षमता का हॉल, 350 लोगों की क्षमता का लॉन, पार्किंग 50 से 75 चार पहिया वाहन, कुल एरिया 400 से 450 वर्ग मीटर, भूतल व एक मंजिल, नौ कमरे, दो शयन ग्रह, रसोई, गार्ड रूम, फर्नीचर, एसी व लिफ्ट आदि होंगे। पालिका के अधिशासी अधिकारी महेंद्र कुमार ने बताया कि संशोधित डीपीआर शासन को भेजी गई है। स्वीकृति मिलते ही निर्माण शुरू कराया जाएगा।