हर साल बुलेट बदलने के शौक में एक युवक लूट और छिनैती करने लगा। वारदात के इरादे से अपने साथी के साथ घूम रहे लुटेरे को जीआरपी ने 14वीं बार गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से डेढ़ लाख रुपये कीमत के तीन मोबाइल बरामद किए। यह लुटेरा विभिन्न थानों से 13 बार जेल जा चुका है। कानपुर सेंट्रल स्टेशन के जीआरपी प्रभारी निरीक्षक ओमनारायण सिंह ने बताया कि रविवार रात गश्त के दौरान हैरिसगंज पुल के पार दो युवक पेड़ की ओट में खड़े दिखे। दौड़ाकर बजरिया निवासी 28 साल के आसिफ उर्फ अजमेरी और गोविंदनगर, कच्ची बस्ती निवासी 23 वर्षीय सुरजीत उर्फ छुटकुल को दबोचा गया। आसिफ ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि उसे बुलेट से चलने का शौक है। अपने साथी के साथ 8वीं बार बुलेट बदलने के लिए रेल यात्रियों से लूटपाट की योजना बना रहा था तभी दबोचा गया। इसके खिलाफ लूट, छिनैती के जीआरपी कानपुर में ही 13 और साथी सुरजीत पर एक मामला दर्ज है। दोनों ट्रेनों में सवार यात्रियों के साथ लूटपाट करते हैं। दोनों को जेल भेजा गया।