कानपुर के गोविंद नगर स्थित बीएसए कार्यालय में राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद उत्तर प्रदेश, कानपुर इकाई की ओर से स्वर्गीय बीएन सिंह की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कर्मचारियों और परिषद पदाधिकारियों ने भाग लेकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धासुमन अर्पित किए। श्रद्धांजलि सभा के दौरान उपस्थित कर्मचारियों ने स्वर्गीय बीएन सिंह के संगठनात्मक योगदान, कर्मचारी हितों के प्रति समर्पण और उनके संघर्षशील व्यक्तित्व को याद किया। सभा में दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष राजा भरत स्वास्थ्य ने कहा कि स्व. बीएन सिंह ने कर्मचारी हितों की रक्षा के लिए सदैव सक्रिय भूमिका निभाई। उनका जीवन संगठन और कर्मचारियों के अधिकारों के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि बीएन सिंह का योगदान सदैव कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा। इस अवसर पर इंजीनियर कोमल सिंह, रणधीर सिंह, सरताज, मंजू रानी कुशवाहा, योगेंद्र कुमार सिंह, अब्दुल लाइक, अटल बिहारी सिंह, अजीत अवस्थी सहित अन्य कर्मचारियों ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की।