रामनवमी के पावन पर्व पर शुक्रवार को कानपुर के रावतपुर स्थित श्री राम लला मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शंखनाद और ‘जय श्रीराम’ के जयकारों के बीच शुरू हुई यह यात्रा पूरे क्षेत्र में आकर्षण का केंद्र बनी रही। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए, जिससे पूरे इलाके में धार्मिक उत्साह का माहौल बन गया। मंदिर परिसर में सुबह से ही पूजा-अर्चना और विशेष अनुष्ठानों का क्रम चलता रहा। इसके बाद विधिवत पूजा के पश्चात शोभायात्रा की शुरुआत की गई। यात्रा में भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, माता सीता और हनुमान की आकर्षक झांकियां सजाई गईं, जिन्हें देखने के लिए मार्ग के दोनों ओर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।