होली के बाद बाहर से घर आए लोगों की वापसी से ट्रेनों में भारी भीड़ है। सोमवार को कानपुर सेंट्रल से दिल्ली और मुंबई जाने वाली अधिकतर ट्रेनें पूरी तरह भरी थीं। जनरल से लेकर स्लीपर कोच तक में यात्रियों को पैर रखने की जगह नहीं मिल रही थी। होली के बाद दिल्ली, मुंबई और गुजरात जैसे शहरों में नौकरी करने वाले लोग लौट रहे हैं। इस कारण ट्रेनों में अत्यधिक भीड़ है, होली स्पेशल ट्रेनें भी नाकाफी साबित हो रही हैं। सोमवार को गोरखपुर-यशवंतपुर, सीमांचल, नीलांचल और प्रयागराज एक्सप्रेस जैसी ट्रेनें पूरी तरह भरी हुई आईं। कानपुर सेंट्रल से भी यात्री मुश्किल से ट्रेनों में चढ़ पा रहे थे। कई लोग शौचालय में बैठकर या खड़े होकर यात्रा करने को मजबूर थे। यह स्थिति सुबह से देर शाम तक रही, जिस पर जीआरपी और आरपीएफ ने मोर्चा संभाला। उन्होंने गेट पर लटके यात्रियों को हटाकर दूसरे कोच या ट्रेनों में भेजा। यात्री भार देखते हुए रेलवे ने 14 होली स्पेशल ट्रेनों की संचालन अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया है। इनमें कानपुर से गुजरने वाली ट्रेनें भी शामिल हैं। उत्तर-मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशिकांत त्रिपाठी ने यह जानकारी दी। साप्ताहिक 03257 दानापुर-आनंद विहार टर्मिनल अब 15 से 29 मार्च तक चलेगी। इसी तरह, कई अन्य ट्रेनों की अवधि भी 14 से 31 मार्च तक बढ़ाई गई है।