कानपुर के छपेडा पुलिया इलाके में आजमगढ़ समेत कई जिलों से आकर पढ़ाई कर रहे छात्र इन दिनों गैस सिलिंडर की किल्लत से जूझ रहे हैं। ये छात्र किराए पर कमरों में रहकर खुद खाना बनाते हैं, लेकिन गैस के बढ़ते दाम और सिलिंडर की कमी ने उनकी परेशानी बढ़ा दी है। छात्रों का कहना है कि पहले छोटे सिलिंडर में करीब 100 रुपये में गैस भरवा लेते थे, लेकिन अब वही गैस उन्हें करीब 300 रुपये प्रति किलो तक पड़ रही है, जिससे उनका बजट बिगड़ गया है और ठीक से भोजन बनाना भी मुश्किल हो गया है। वहीं छपेडा पुलिया निवासी मोहम्मद सोहेल, जो अनुराग हॉस्पिटल के पास फास्ट फूड की दुकान चलाते थे, बताते हैं कि होली के बाद से उनकी दुकान बंद पड़ी है। उनका कहना है कि कमर्शियल सिलिंडर नहीं मिल रहा, जिसकी वजह से न केवल उनका घर प्रभावित हुआ है बल्कि छात्रों को भी सस्ता और आसान खाना नहीं मिल पा रहा है।