नरवल तहसील के राजस्व गांव दीपपुर में अधिवक्ताओं द्वारा एक किसान की ज़मीन पर अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। दीपपुर गांव के निवासी गुलाब यादव ने आरोप लगाया है कि उनकी एक बीघा भूमि आराजी संख्या 118 पर 1 फरवरी 2026 की सुबह दो दर्जन से अधिक अधिवक्ता दलबल सहित पहुँचकर कब्जा करने लगे जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पीड़ित गुलाब यादव का कहना है कि उन्होंने स्थानीय पुलिस से लगातार गुहार लगाई, पुलिस ने आश्वासन दिया कि काम रुकवा दिया गया है, लेकिन मौके पर कब्जे की कार्रवाई जारी रही। दबंग अधिवक्ता खुलेआम ललकारते रहे कि जहाँ जाना हो, जो करना हो कर लो, कोई नहीं आएगा। गौरतलब है कि चार वर्ष पूर्व इसी भूमि से संबंधित एक फर्जी घटना दर्शाकर गुलाब यादव पर धारा 325 के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया था, जिसमें उन्हें तीन वर्ष जेल में रहना पड़ा। हाल ही में जेल से छूटने के बाद भी वे भय के कारण गाँव नहीं लौटे हैं। पीड़ित परिवार ने बताया कि भूमि से संबंधित बंटवारे का वाद उपजिलाधिकारी, नरवल के न्यायालय में विचाराधीन है। इसके बावजूद कानून को हाथ में लेकर कब्जे का प्रयास किया गया, जिससे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल व्याप्त है।