कानपुर में साइबर ठगी, खुद को मार्क जुकरबर्ग बताकर रिटायर्ड शिक्षिका से 1.57 करोड़ ठगे कानपुर। शहर में साइबर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। ठगों ने सोशल मीडिया पर खुद को मार्क जुकरबर्ग बताकर एक रिटायर्ड शिक्षिका को जाल में फंसा लिया और उनसे 1.57 करोड़ रुपये ठग लिए। पीड़िता की पहचान फेसबुक पर आरोपी से हुई। बातचीत के दौरान ठग ने निवेश का झांसा दिया। बाद में एक अन्य व्यक्ति ने खुद को एलन मस्क का सहयोगी बताते हुए बड़े स्कूल प्रोजेक्ट में मुनाफे का लालच दिया। जब शिक्षिका ने पैसे वापस मांगे तो ठगों ने खुद को वकील बताकर टैक्स, फीस और स्टांप ड्यूटी के नाम पर रकम वसूलनी शुरू कर दी। पीड़िता ने अपनी जमा पूंजी और पीएफ का पैसा पांच खातों में ट्रांसफर कर दिया। सच्चाई सामने आने पर मामला दर्ज कराया गया। एडीसीपी अंजलि विश्वकर्मा ने बताया कि जांच जारी है। पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।