महाराजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रूमा के पास बुधवार शाम रोडवेज बस और ऑल्टो कार की भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद कार चालक और बस चालक के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। टक्कर के बाद कानपुर-प्रयागराज नेशनल हाईवे पर आधे घंटे से अधिक यातायात बाधित हो गया। पुलिस मौके पर पहुंची और जाम हटाकर आवागमन सुचारू कराया। जानकारी के अनुसार फतेहपुर जनपद के गुगौली निवासी पंकज सिंह अपनी पत्नी और बच्चे के साथ ऑल्टो कार से कानपुर से गांव लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी कार बस से टकरा गई, जिसमें परिवार को मामूली चोटें आईं है। बस चालक प्रमोद मिश्रा ने आरोप लगाया कि टक्कर के बाद कार चालक ने उनके साथ मारपीट की, जिससे उन्हें चोटें आईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों से जानकारी लेकर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।