कानपुर कमिश्नरेट के सेंट्रल जोन के थाना स्वरूप नगर क्षेत्र में सेल्समैन से स्कूटी और 3.90 लाख रुपये की लूट का पुलिस ने 72 घंटे में सफल खुलासा किया है। इस मामले में ऑटो गैंग से जुड़े 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। थाना और सर्विलांस टीम ने तकनीकी व मैनुअल साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों समीर, शिवम, शिवम पाल, सोनू, राम यादव और ज्ञान सिंह को पकड़ा। पुलिस ने इनके पास से 1.73 लाख नकद, लूटी गई स्कूटी, मोबाइल और वारदात में प्रयुक्त वाहन बरामद किया है। पुलिस उपायुक्त सेंट्रल श्री श्रवण कुमार ने बताया कि त्वरित कार्रवाई कर सभी आरोपियों को न्यायालय भेजा गया है। इस कार्रवाई में सर्विलांस टीम की अहम भूमिका रही।