कानपुर में उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधा और 24 घंटे बिजली आपूर्ति का दावा करने वाले केस्को की पोल उसी के समाधान शिविरों में खुल रही है। किसी का बिना मीटर रीडिंग लिए बढ़ाकर बिल भेजा जा रहा है तो किसी का जमा हो चुका बिल भी नए में जोड़कर भेजा जा रहा है। विभाग के चक्कर काटने के बाद अब शिविरों में भी अधिकारी उन्हें टरका रहे हैं। केस्को ने गुरुवार को फूलबाग, दबौली, नौबस्ता व केशवपुरम हेल्प डेस्क पर समाधान शिविर लगाए। दबौली के समाधान कैंप में शिकायत लेकर पहुंचे ख्योरा निवासी संजय झा ने बताया कि सात माह से कोई रीडिंग लेने नहीं आया। अभी तक आठ-850 रुपये बिल आ रहा था लेकिन इस बार जून का बिल 20 हजार भेज दिया है।