चैत्र नवरात्र की अष्टमी पर शनिवार को शहरभर से जवारा यात्राएं निकली। नौ दिन के कठोर व्रत के बाद छोटे से लेकर बड़े सांग लेकर मां अंबे के भक्त नंगे पैर सड़कों पर निकले। बता दें कि अभी शहर में छोटी-बड़ी मिलाकर करीब 450-500 कमेटियां, धर्म-कर्म से जुड़े युवाओं की टोली जवारा व सांग यात्रा निकाल रहे हैं। ये सभी अलग-अलग यात्राएं निकालते हैं। चैत्र नवरात्र पर सप्तमी, अष्टमी व नवमी को शहरभर में जवारा यात्राएं निकलती हैं। पीरोड स्थित बाबा वनखंडेश्वर जवारा कमेटी, गोविंदनगर में डीबीएस कॉलेज से सार्वजनिक मेला कमेटी, गोविंदनगर कच्ची बस्ती, लोहारन भट्ठा, डिप्टी का पड़ाव सहित शहर के कई क्षेत्रों से जवारा यात्राएं निकाली गई। ये सभी यात्राएं बारादेवी मंदिर पहुंची और वहां पूजन किया गया। रास्ते भर सांग रखे लोगों के साथ उनके परिवार के लोग संभालने के लिए चल रहे थे। जवारा यात्राओं में पांच साल के बच्चे से लेकर 50 वर्षीय महिलाएं व पुरुष शामिल रहें।