कानपुर के मर्चेंट चैंबर हॉल में आयोजित शिक्षामित्र सम्मान समारोह में शिक्षा क्षेत्र में योगदान देने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय उपस्थित रहे। समारोह में महापौर प्रमिला पांडेय, विधायक नीलिमा कटियार, विधायक सरोज कुरील, जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह, विधायक सुरेंद्र मैथानी सहित कई जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने शिक्षकों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। मुख्य अतिथि योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि शिक्षक समाज की रीढ़ हैं और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के समर्पण और परिश्रम से ही देश का भविष्य मजबूत होता है। महापौर प्रमिला पांडेय ने शिक्षकों के योगदान को सराहते हुए कहा कि गुरु ही विद्यार्थियों को सही दिशा देकर समाज को प्रगति के मार्ग पर अग्रसर करते हैं।