रंगों का त्योहार होली नजदीक होने के साथ ही बाजार सज गए हैं। राजधानी मार्ग समेत नगर के मोहल्लों व गलियों में रंग-गुलाल व पिचकारी के अलावा पापड़-चिप्स की दुकानें लग गई हैं। इन दुकानों पर सुबह से देर रात तक खरीदार उमड़ रहे हैं। इस बार हथौड़ी, तलवार, आर्मी गन, मथानी, बार्डर टैंक समेत अन्य कई तरह की पिचकारियां बिक रही हैं। राजधानी मार्ग सब्जी मंडी, बिंदानगर बाजार, पोनी बाजार, आजाद नगर बाजार समेत अन्य कई जगहों पर लगने वाली बाजारों में जगह-जगह रंग-गुलाल-पिचकारी और पापड़-चिप्स दुकानों पर में खरीदारों की भीड़ पहुंचने लगी है। दुकानदार आशीष गुप्ता ने बताया कि इस बार पिचकारी और रंगों का ज्यादातर माल मुंबई से मंगाया जा रहा है। पिछले साल की अपेक्षा इस बार दो से तीन रुपये की वृद्धि प्रत्येक सामान में हुई है। बताया कि इस बार गुलाबी, गोल्डन और सिल्वर रंगों की मांग अधिक है, जबकि हरे रंग की कम है। वहीं राजधानी मार्ग पर चिप्स पापड़ की दुकान लगाए राजेश साहू ने बताया कि मैदा, साबूदाना और आलू के बने चिप्स पापड़ की डिमांड अधिक है। रंगों वाले पापड़ चिप्स लोग कम खरीद रहे है।