राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर राजधानी लखनऊ में आयोजित भव्य समारोह में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरसौल ब्लॉक के मेधावी युवा हिमांशु कुमार मिश्रा को 'विवेकानंद यूथ अवार्ड' से सम्मानित करेंगे। समाज सेवा और युवा सशक्तिकरण के क्षेत्र में उनके असाधारण योगदान को देखते हुए यह राज्य स्तरीय सम्मान उन्हें प्रदान किया जा रहा है। हिमांशु कुमार मिश्रा ने दूरभाष पर अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जी द्वारा इस सम्मान के लिए चुना जाना उनके लिए अत्यंत गर्व का विषय है। हालांकि, वे इस गौरवशाली क्षण में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित नहीं हो पाएंगे क्योंकि वर्तमान में भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के निर्देशानुसार 'माय भारत' अभियान के तहत सूरत में आयोजित 'युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम' में कानपुर की सात सदस्यीय टीम का नेतृत्व कर रहे हैं। अपनी अनुपस्थिति में उन्होंने संस्था के कोषाध्यक्ष और अन्य प्रतिनिधियों को मुख्यमंत्री जी के हाथों पुरस्कार ग्रहण करने के लिए अधिकृत किया है। हिमांशु की इस उपलब्धि से सरसौल ब्लॉक सहित पूरे जनपद में उत्साह और गर्व का वातावरण है। क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने उनके सफल नेतृत्व और इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।