कानपुर के दादा नगर कोआपरेटिव एस्टेट सभागार में सन टू ह्यूमन फाउंडेशन की ओर से आयोजित स्वास्थ्य जागरूकता शिविर में शनिवार को उद्योग जगत से जुड़े लोगों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की। शिविर का मुख्य उद्देश्य लिवर, किडनी और हृदय स्वास्थ्य के प्रति लोगों को जागरूक करना रहा। कार्यक्रम में चेयरमैन विजय कपूर ने अन्य उद्यमियों के साथ स्वास्थ्य संबंधी व्यायाम कर फिटनेस और संतुलित जीवनशैली का संदेश दिया। सामूहिक एक्सरसाइज के माध्यम से नियमित दिनचर्या, शारीरिक सक्रियता और गंभीर बीमारियों की रोकथाम पर जोर दिया गया। शिविर में विशेषज्ञों ने बताया कि बदलती जीवनशैली, अनियमित खानपान और तनाव के कारण लिवर, किडनी और हृदय रोग तेजी से बढ़ रहे हैं। नियमित व्यायाम, संतुलित आहार और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच इन बीमारियों से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। चेयरमैन विजय कपूर ने कहा कि स्वस्थ शरीर ही सफल जीवन और मजबूत उद्योग की आधारशिला है। उन्होंने उद्यमियों और आम नागरिकों से स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।