सावन माह के पहले सोमवार पर घाटमपुर क्षेत्र के शिवालयों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। तड़के से ही श्रद्धालु मंदिरों में पहुंचने लगे और भगवान शिव के जलाभिषेक का सिलसिला शुरू हो गया। मंदिर परिसर 'हर-हर महादेव' और 'बम-बम भोले' के जयकारों से गूंज उठे। शिवभक्तों ने गंगाजल, दूध, बेलपत्र, पुष्प, नारियल और धतूरा अर्पित कर भगवान भोलेनाथ की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य और मनोकामना पूर्ति की प्रार्थना की। मंदिरों में सुबह से ही दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। प्रशासन की ओर से भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और व्यवस्थाओं के इंतजाम किए गए।