अबाबकपुर गांव में नामी कंपनी के मिलावटी घी के धंधे का खुलासा हुआ है। पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली देसी घी बनाने वाली एक फैक्टरी का भंडाफोड़ किया है। मौके से करीब 1,080 लीटर मिलावटी घी, बड़ी मात्रा में कच्चा माल, मशीनें और फर्जी पैकिंग सामग्री बरामद की गई। पुलिस ने फैक्टरी चलाने वाले एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। क्षेत्र में स्थित घी बनाने वाली कंपनी नमस्ते इंडिया के अधिकारियों को सूचना मिली कि अबाबकपुर गांव में एक फैक्टरी में नकली देसी घी तैयार किया जा रहा है। कंपनी के अधिकारियों ने पूरे मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर छापा मारा। जब टीम फैक्टरी पहुंची, तो एक युवक मिलावटी घी बनाते हुए पाया गया पूछताछ में उसने अपना नाम राजबहादुर यादव पुत्र सिद्धेश्वर यादव बताया। मौके से वजन मापने की मशीनें, सीलिंग और पैकिंग मशीनें, अलग-अलग ब्रांडों के फर्जी लेबल और पैकिंग रैपर, प्लास्टिक जार और पाउच (100 एमएल से 5 लीटर तक) बरामद किए गए। जांच में पता चला कि फैक्टरी में घी के नाम पर रिफाइंड ऑयल और गैर-डेयरी पदार्थों का इस्तेमाल किया जा रहा था। प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश मिश्रा ने बताया कि आरोपी राज बहादुर ने अधिक कमाई के लालच में यह अवैध धंधा शुरू किया था।