गंगा नदी के मिश्रा कॉलोनी शिव बाबा घाट छोर पर हो रही कटान थम नहीं रही। गुरुवार को कटान आनंद घाट की ओर पहुंचने लगी है। ऐसे में यहां बसे लोगों में दहशत है। घाटों पर दूर दराज से गंगा स्नान करने आने वाले श्रद्धालुओं को दिक्कतें होने लगी हैं। डीएम गौरांग राठी के निर्देश पर सिंचाई विभाग ने कटान रोकने के लिए उपाए किए, लेकिन वह कारगर साबित नहीं हुए। कटान अब बढ़ते हुए आनंद घाट की ओर बढ़ने लगी है। जबकि मिश्रा कॉलोनी के शिव बाबा घाट क्षेत्र में रहने वाले स्थानीय लोगों में कटान में उनके मकान बह जाने का डर सता रहा है। कटान होने के कारण घाट के पाट पूरी तरह से कट कर टीलानुमा हो गए है। ऐसे में गंगा स्नान करने आने वाले श्रद्धालुओं को काफी दिक्कतें हो रही है। घाट के पंडों ने बताया कि जल्द ठोस कदम न उठाए गए तो जनवरी माह में होने वाले कई प्रमुख गंगा स्नान पर्व इससे प्रभावित हो सकते है। वहीं, सिंचाई विभाग के एक्सईएन गगन शुक्ला ने बताया कि आज वह लखनऊ बैठक में हैं। शुक्रवार को निरीक्षण करने के बाद कटान रोकने को लेकर कोई निर्णय लिया जाएगा।