भारतीय कंपनी सचिव संस्थान की ओर से मंगलवार को सीएस प्रोफेशनल और एग्जीक्यूटिव का परीक्षा परिणाम घोषित किया गया। सीएस प्रोफेशनल के पहले तीन स्थानों पर बेटियों ने कब्जा जमाया। 700 में से 378 अंक लाकर निकिता कटियार सिटी टॉप बनीं। 371 अंक के साथ सानिया अफक दूसरे व 355 अंक के साथ अनामिका कर्माकर तीसरे स्थान पर रहीं। तीनों टॉपरों ने पहले ही प्रयास में सफलता हासिल की है। एग्जीक्यूटिव लेवल में पंखुरी नेवटिया ने सिटी टॉप किया है। भव्य त्रिपाठी दूसरे व शिप्रा यादव तीसरे स्थान पर रहीं। गुमटी नंबर पांच स्थित सीएस संस्थान में टॉपरों को मेडल पहनाकर उनको सम्मानित किया गया। कानपुर चैप्टर के वाइस चेयरमैन सीएस आशीष बंसल ने बताया की 20 छात्र कंपनी सचिव (सीएस) बने हैं। प्रोफेशनल के अलग-अलग ग्रुप में कुल 159 छात्र शामिल हुए थे। इसमें से 89 छात्र पास हुए हैं। सचिव सीएस ईशा कपूर ने बताया कि कानपुर में एग्जीक्यूटिव लेवल में कुल मिलाकर 385 छात्र शामिल हुए थे। इसमें से 107 छात्र सफल रहे हैं। मुदित सिंह, गरिमा अवस्थी, कुणाल कालरा, सौम्या तिवारी, कुशाग्र अग्रवाल, गायत्री कुमारी भी सीएस बन गई हैं। इस मौके पर सीएस निधी सिंह, रीना जाखोदिया, सीएस वैभव अग्निहोत्री आदि मौजूद रहे।