शिवराजपुर में गल्ला मंडी में अनाज की लगातार हो रही चोरियों से नाराज आढ़तियों ने मंडी का गेट बंद कर प्रदर्शन किया। उन लोगों ने पुलिस पर भी चोर पकड़ने की जगह आढ़तियों को ही हड़काने का आरोप लगाया है। शिवराजपुर थाना क्षेत्र के महासरन निवादा गांव के सामने शिवली रोड के किनारे सरकारी गल्ला मंडी स्थित है। गल्ला मंडी में सुधीर कटियार की विजय लक्ष्मी ट्रेडर्स, अजय कुमार की जय मां शारदा ट्रेडिंग कंपनी, मंडी के नजदीक विनय तिवारी की आढ़त से अनाज की बोरियों की चोरी सहित कस्बे में अलग-अलग दुकानों में भी बीते कुछ दिन के अंतराल में चोरियां हुईं हैं। आए दिन होने वाली चोरी की घटनाओं से परेशान आढ़तियों ने शनिवार को मंडी के मेन गेट पर प्रदर्शन करते हुए काम ठप कर, प्रशासन से घटनाओं पर कार्रवाई की मांग की।