अमर उजाला में ट्रेनों में अवैध वेंडरों की खबर प्रकाशित होने के बाद आखिरकार आरपीएफ ने कार्रवाई की। बिना परिचय पत्र कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर खाद्य व पेय पदार्थ बेचने वाले अवैध वेंडरों के खिलाफ गुरुवार को अभियान चलाया। इस दौरान 10 अवैध वेंडर दबोचे गए। इनके खिलाफ रेलवे एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। बता दें कि अमर उजाला ने 26 सितंबर को सेंट्रल स्टेशन पर जाकर पड़ताल की तो आनंद विहार से जोगबनी जाने वाली 12488 सीमांचल एक्सप्रेस के जनरल कोच में साइड पेंट्री चलती मिली थी। खबर प्रकाशित होने के बाद रेलवे प्रशासन हरकत में आया और लगातार अभियान भी चलाया था। इसी कड़ी में गुरुवार को कानपुर सेंट्रल स्टेशन के आरपीएफ पोस्ट प्रभारी एसएन पाटीदार के नेतृत्व में उप निरीक्षक असलम खान ने टीम के साथ चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पटना से अहमदाबाद जाने वाली ट्रेन नंबर- 12948 अजीमाबाद एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म नंबर-7 पर पहुंची तो टीम ने चेकिंग की। इसके स्लपर कोच में दस अवैध वेंडर बिना अधिकार पत्र के खाद्य सामग्री बेचते दबोचे गए। पूछने पर बताया कि ट्रेन में साइड पेंट्रीकार चलाते हैं। हालांकि, इनके पास इसकी कोई अनुमति नहीं थी।