बिल्हौर विकासखंड की ग्राम पंचायत संजती बादशाहपुर में लाखों रुपये की लागत से बनाया गया खेल मैदान बदहाली का शिकार है। मैदान में चारों ओर बड़ी-बड़ी झाड़ियां उग आने से बच्चों और खिलाड़ियों के लिए खेलना मुश्किल हो गया है। मैदान तक पहुंचने के लिए भी उचित रास्ता नहीं होने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण राहुल और शिवम ने बताया कि कई वर्षों से खेल मैदान की स्थिति नहीं सुधरी है। नियमित साफ-सफाई और रखरखाव के अभाव में मैदान उपयोग के लायक नहीं बचा है। उनका कहना है कि सरकार की खेलों को बढ़ावा देने की योजनाओं का लाभ गांव के खिलाड़ियों को नहीं मिल पा रहा है।