गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के गगनीखेड़ा गांव में बुधवार की रात रंजिश के चलते हमलावरों ने दीवार फांदकर घर में घुसकर मारपीट की। बाद में चारपाई पर सो रहे वृद्ध के गले में तमंचा सटाकर गोली मारकर हत्या कर दी। वृद्ध की पत्नी महादेई की तहरीर पर पुलिस ने पूर्व सभासद समेत नौ लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। उधर, गुरुवार की शाम पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचने पर परिजनों ने सड़क पर शव रखकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर करीब आधा घंटे हंगामा किया। पुलिस ने किसी तरह समझाबुझाकर सभी को शांत कराया। पुलिस के मुताबिक सात आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। बाकी दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। गगनी खेड़ा निवासी हीरालाल (80) पत्नी के साथ अपनी बेटी सरला के घर में रहते थे। रोजाना की तरह बुधवार की रात वह घर में चारपाई पर सो रहे थे। बेटी सरला ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि रात करीब 12 बजे गांव निवासी पूर्व सभासद महेश निषाद, सोनू, राजकुमार, जितेंद्र, गोविंद, संतोष, अमन, मंटानी व मनोज दीवार फांदकर घर में घुस आए। रंजिश को लेकर गालीगलौज करते हुए मारपीट करने लगे। उन्होंने इसका विरोध किया। इसी दौरान चारपाई पर सो रहे पिता हीरालाल के गले में तमंचा सटाकर गोली मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई।