कानपुर से लखनऊ की ओर जा रही अमृत भारत एक्सप्रेस का इंजन शनिवार की सुबह गंगाघाट रेलवे स्टेशन पर डाउन की मेन लाइन पर फेल हो गया। इसकी वजह से ट्रेन लगभग ढाई घंटे खड़ी रही। करीब साढ़े 11 बजे दूसरा इंजन लगाकर ट्रेन को लखनऊ रवाना किया गया। इस बीच कानपुर से लखनऊ की ओर जाने वाली कई एक्सप्रेस व सुपरफास्ट ट्रेनों को डाउन की लूप लाइन से धीमी गति से निकाला गया। आनंद विहार टर्मिनल से दरभंगा वाया कानपुर होकर जाने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन शनिवार सुबह 9:08 बजे गंगाघाट रेलवे स्टेशन पर पहुंची तभी अचानक इंजन फेल हो जाने से खड़ी हो गईं। ट्रेन के अचानक रुकने से आरपीएफ और जीआरपी सतर्क हो गईं। ट्रेन के लोको पायलट ने इसकी जानकारी स्टेशन मास्टर को दी। स्टेशन मास्टर कमल किशोर ने कंट्रोल रूम को सूचना दी। बताया गया कि तकनीकी खराबी आने से इंजन स्टार्ट नहीं हो रहा है। इसके बाद लखनऊ से दूसरा इंजन गंगाघाट रेलवे स्टेशन करीब 10:30 बजे पहुंचा। इसके बाद ट्रेन 11.37 बजे लखनऊ रवाना की गई। इस दौरान ट्रेन के यात्रियों को काफी असुविधाओं का सामना करना पड़ा। रेलवे स्टेशन पर पीने के पानी को लेकर दिक्कत रही। प्लेटफार्म पर लगे हैंडपंप खराब होने से यात्री पानी के लिए इधर-उधर भटकते रहे।