गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के हाजीपुर गांव से शंकरपुर से घोंघीरौतापुर होकर जाजमऊ के बदरका चौराहा तक 350 करोड़ की लागत से बनने वाले 19 किलोमीटर लंबे रिंग रोड के कार्य ने रफ्तार पकड़ ली है और छह माह में 25 फीसदी कार्य पूरा करते हुए घोंघीरौतापुर गांव के निकट पड़ने वाले अंडरपास का कार्य पूरा कर लिया है। शेष 75 फीसदी कार्य 2028 नवंबर माह में पूरा कर लिया जाएगा। बता दे कि कानपुर के बिल्हौर और कल्यानपुर से शुक्लागंज के हाजीपुर से जोड़ते हुए सिक्स लेन का रिंग रोड का निर्माण कार्य लखनऊ की कार्यदायी एजेंसी अजय प्रकाश एसोसिएट द्वारा बीते छह माह से कराया जा रहा है। जिसमें हाजीपुर, शंकरपुर से घोंघी रौतापुर होकर जाजमऊ के बदरका चौराहा से निकलने वाले रिंग रोड से जोड़ दिया जाएगा। इस बीच करीब दस गांवों से होकर रिंग रोड बदरका चौराहे के मुख्य रिंग रोड से जुड़ेगा। इस दौरान घोंघीरौतापुर गांव के पास अंडरपास का काम पूरा कर लिया गया जिसका निरीक्षण करने शनिवार को एजेंसी के अधिकारी पहुंचे। इंजीनियर गौरवु कुमार तिवारी ने बताया कि यह प्रोजेक्ट 350 करोड़ का है शंकरपुर गांव तक सिक्स लेन के पिलर खड़े कर लिए गए है। इस मार्ग के बनने से कानपुर बिल्हौर और कल्यानपुर से लोग सीधे फर्राटा भर सकेगें और उन्नाव, रायबरेली, अयोध्या, प्रयागराज, लखनऊ जाने के लिए कई किलोमीटर का चक्कर नहीं काटना पड़ेगा। अंडर पास का निरीक्षण कार्य आज पूरा कर लिया गया है जिसकी रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी।