झांसी सीपरी बाजार पुलिससीपरी बाजार पुलिस ने अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तांत्रिक समेत तीन शातिर असलहा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से सात अवैध असलहे, 66 कारतूस, 56 खोखा, पांच रामपुरी चाकू समेत 2.87 लाख रुपये नकद बरामद की गई। सीओ सिटी लक्ष्मीकांत गौतम के मुताबिक जर्मनी अस्पताल के पास रहने वाला मुकेश श्रीवास ने अपने यहां किराये पर रहने वाले विवेक चौहान एवं बॉबी उर्फ संत दयानंद महाराज के साथ असलहों का कारोबार करता था। शनिवार को ऑटो मैटिक एवं सेमी ऑटो मैटिक असलहे बेचने के लिए तीनों एसआईसी स्कूल के पास पहुंचे थे। सीपरी बाजार पुलिस भी भनक लगने पर पहुंच गई। पुलिस ने तीनों को घेरकर पकड़ लिया। पूछताछ में मालूम चला कि बॉबी उर्फ दयानंद एवं विवेक सगे भाई हैं। पिछले तीन साल से मुकेश के यहां किराये का मकान लेकर रहते हैं। तीनों मिलकर हथियार जमा करते थे। अच्छा दाम मिलने पर असलहे उनको बेच देते थे। सुंदर रामपुरी चाकू का कलेक्शन इनके पास से मिला। पैसों को लेकर दोनों भाइयों के बीच कुछ दिन पहले विवाद भी हुआ था। पुलिस टीम में थाना प्रभारी जेपी चौबे, उपनिरीक्षक साजेश कुमार, दिलीप पांडेय समेत अन्य शामिल रहे। पुलिस ने तीनों को कोर्ट के सामने पेश किया। यहां से आरोपी जेल भेज दिए गए।