पवित्र सावन माह के द्वितीय सोमवार और प्रदोष पर्व पर क्षेत्र के शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही।मंदिरों में श्रद्धालुओं की लंबी-लंबी कतारें देखने को मिलीं। हर-हर महादेव, बम-बम भोले और जय शिव शंभू के जयकारों से पूरा क्षेत्र शिवमय हो गया। रौनी स्थित केदारेश्वर मंदिर, स्वर्गेश्वर मंदिर व पंचमुखी महादेव मंदिर पर आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर शिवलिंग पर जल, दूध, बेलपत्र, भांग, धतूरा और पुष्प अर्पित कर सुख, समृद्धि व शांति की कामना की। ओरछा धाम से जल लेकर आए कांवड़ियों ने भगवान केदारेश्वर का जल अभिषेक किया। इस दौरान एसडीएम मनोज कुमार भारती ने केदारेश्वर मंदिर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।