प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को समाजवादी पार्टी के गरौठा से पूर्व विधायक दीप नारायण सिंह यादव उनकी पत्नी पूर्व विधायक मीरा यादव और उनके सहयोगियों के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग मामले में कार्रवाई करते हुए उनके 11 ठिकानों पर एक साथ छापा मारा। इनमें दीपनारायण एवं उनके सहयोगियों के झांसी में नौ और लखनऊ स्थित पूर्व विधायक मीरा यादव के दो ठिकाने शामिल थे। ईडी की कार्रवाई से दिन भर खलबली मची रही। ईडी दस्ते ने पूर्व विधायक दीपनारायण, उनकी पत्नी मीरा यादव एवं बेटे मून से भी पूछताछ की। तलाशी के दौरान चल-अचल संपत्तियों, वित्तीय लेन-देन और कारोबारी गतिविधियों से जुड़े कई अहम दस्तावेज, डिजिटल उपकरण और रिकॉर्ड बरामद किए हैं। देर-शाम तक ईडी छानबीन में जुटी रही। सीआरपीएफ, पीएसी दस्ते एवं भारी पुलिस बल के साथ सुबह करीब छह बजे प्रयागराज से आई ईडी टीम पूर्व विधायक के निवास मून सिटी समेत उनके रिश्तेदारों एवं सहयोगियों के घरों पर एक साथ जा धमकी। मून सिटी में पहुंचते ही ईडी अफसरों ने मुख्य दरवाजा बंद करा दिया। किसी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश को भी रोक दिया गया वहीं, दूसरी टीम मोंठ स्थित उनके पैतृक आवास बुढ़ावली जा पहुंची। सुबह ही भारी पुलिस बल के पहुंचने से यहां भी खलबली मच गई। ईडी दस्ते ने इलाइट चौराहा स्थित कुंवर पैलेस होटल, पूर्व विधायक के साले एवं पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध यादव उर्फ बड़े राजा, अशोक गोस्वामी एवं उनके छोटे भाई बबलू उर्फ अन्ना के आवास पर भी पहुंचकर छानबीन की। लखनऊ में पूर्व विधायक मीरा यादव के नाम पर बने दो फ्लैट में भी छापा मारा गया। पूरी कार्रवाई के दौरान सुरक्षा का तगड़ा इंतजाम रहा। किसी बाहरी आदमी को पूर्व विधायक एवं उनके परिवार से संपर्क करने की इजाजत नहीं दी गई। मून सिटी के ग्यारहवें तल पर स्थित आवास समेत निचले तल पर बने कार्यालय में कई घंटे तक तलाशी ली गई। पूर्व विधायक दीप नारायण, पत्नी एवं पूर्व विधायक मीरा एवं पुत्र मून से टीम में शामिल सदस्यों ने कई सवाल पूछे। उनके पुत्र मून को ईडी टीम अपने साथ कई जगह गई। देर शाम तक टीम कार्रवाई करने में जुटी रही।