झांंसी में दतिया गेट बाहर देशी शराब की दुकान में शनिवार को जमकर हंगामा हुआ। महिलाओं ने यहां से शराब की पेटियां निकालकर सड़क पर फेंक दीं। महिलाओं का आरोप था कि यहां आने वाले शराबी मोहल्ले की युवतियों और महिलाओं पर फब्तियां कसते हैं। कई बार वह लोग विरोध कर चुकीं। पिछली बार प्रशासन ने दुकान को खत्म कराने की बात कही थी लेकिन, दोबारा से इसे आवंटित कर दी। इससे नाराज दर्जनों महिलाएं दोपहर करीब साढ़े बारह बजे दुकान के बाहर जमा हो गईं। महिलाएं दुकान बंद करने के लिए नारे लगाने लगीं। दुकान के अंदर से शराब की कई पेटियों को उठाकर बाहर सड़क पर फेंक दिया। वहां मौजूद लोग शराब का पाउच लेकर भाग गए। कुछ देर बाद कोतवाली पुलिस भी पहुंची। कोतवाल राजेश पाल सिंह के मुताबिक महिलाओं ने दुकान के अंदर तोड़फोड़ की है।