लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ खंडीय लेखाधिकारी राम मिलन यादव ने सत्ताधारी दलों के दो विधायकों के प्रतिनिधियों पर मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया। अधिशासी अभियंता समेत तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। वरिष्ठ खंडीय लेखाधिकारी ने अधिशासी अभियंता के कक्ष में जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया। आरोप है कि अधिशासी अभियंता राजेंद्र कुमार के इशारे पर उनकी पिटाई की गई। वरिष्ठ खंडीय लेखाधिकारी राम मिलन यादव ने बताया कि दोपहर दो बजे वह खरका तिराहा के पास अपने कार्यालय में बैठे थे। उसी समय अधिशासी अभियंता राजेंद्र कुमार ने कक्ष में बुलाया। भुगतान से जुड़े कुछ कागजों पर हस्ताक्षर कराने चाहते थे, इस पर उन्होंने आपत्ति जताई। आरोप है कि इससे अधिशासी अभियंता राजेंद्र कुमार नाराज हो गए। उनके उकसाने पर दो विधायकों के प्रतिनिधियों और उनके दो नामजद समर्थकों ने हमला कर दिए। उन्होंने घटना के संबंध में तहरीर दी। सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता ने बताया कि तहरीर के आधार पर अधिशासी अभियंता, गुड्डू और रजनीश सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। उधर दूसरे पक्ष के लोगों ने भी वरिष्ठ खंडीय लेखाधिकारी राम मिलन यादव पर गंभीर आरोप लगाया है। साथ ही मारपीट करने से इन्कार किया है।