जाैनपुर के मुंगराबादशाहपुर-प्रतापगढ़ रोड स्थित भगत सिंह मोहल्ले में बैटरी व इन्वर्टर की दुकान में बुधवार की सुबह शॉर्ट-सर्किट से आग लग गई। अगलगी में नकदी समेत करीब आठ लाख रुपये की बैट्री, इनवर्टर व अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर राख हो गए। घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। थाना क्षेत्र के गांव सटवां निवासी कुलदीप सिंह (लकी) की प्रतापगढ़ रोड स्थित भगत सिंह मोहल्ले में कुलदीप इंटरप्राइजेज के नाम से इलेक्ट्रॉनिक सामान की दुकान है। वह रात में करीब 8 बजे दुकान बंद करके घर चले गए। चार बजे भोर में पड़ोसियों ने दुकान से धुआं उठता देख उनको सूचना दी। उनके मुताबिक आग में 12 हजार रुपये नकदी समेत आठ लाख रुपये की बैटरी, इनवर्टर समेत दुकान में रखा अन्य कीमती सामान जल गए हैं। थानाध्यक्ष विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि आग लगने की सूचना पर पुलिस पहुंची और उस पर काबू पाने के प्रयास में जुटी रही। आग शॉर्ट-सर्किट से लगी है।