कालपी कोतवाली क्षेत्र से लापता युवती का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में है। वीडियो में युवती ने खुद को बालिग बताते हुए अपनी मर्जी से एक युवक के साथ जाने और शादी करने का दावा किया है। साथ ही उसने अपनी और अपने पति की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। पुलिस के अनुसार, युवती के परिजनों की शिकायत पर पहले ही संबंधित युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। अब वायरल वीडियो को भी विवेचना का हिस्सा बनाया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में सभी तथ्यों की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।