जेठ के घर पढ़ने गईं बेटियों को वापस लेने जा रही महिला को बाइक ने पीछे से टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल महिला की उपचार के दौरान रविवार देर रात मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। घटना के बाद चालक बाइक छोड़कर मौके से भाग निकला। भाहपुर गांव निवासी अमरीश प्राइवेट बस चालक है। वह पत्नी व दो बेटियों के साथ गांव में ही रहता है। उसके पांच भाई भी गांव में अलग अलग मकानों में परिवार के साथ रहते हैं। रविवार की शाम अमरीश की बेटी मीनाक्षी (7) और वर्षा (3) घर से करीब तीन सौ मीटर दूर पाली रूपापुर मार्ग पर बड़े भाई गिरीश के घर पढ़ाई करने गई थीं। रविवार शाम लगभग सात बजे अमरीश की पत्नी मायादेवी (29) बेटियों को लेने जेठ के घर पैदल ही जा रही थीं। इसी दौरान रूपापुर की ओर से आई तेज रफ्तार बाइक ने माया को टक्कर मार दी। सिर के बल गिरी माया को गंभीर चोटें आने के कारण पाली पीएचसी से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान माया की मौत हो गई।