संडीला नगर में ज्वैलरी शॉप समेत दो दुकानों में मंगलवार रात हुई चोरी की घटना का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। नगर में अलग अलग स्थानों पर लगे 42 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के दौरान नजर आए एक संदिग्ध शख्स की पहचान कराने के लिए पुलिस ने 223 लोगों का सहारा लिया। इसके बाद चोरी के जेवरों और नकदी समेत चोर को गिरफ्तार कर लिया। आार्थिक स्थिति बेहद खराब होने के कारण घटना को अंजाम देने की बात चोर ने कही है। संडीला कोतवाली क्षेत्र के सांक निवासी ललित की नगर में ही गल्लामंडी पकरिया के पास ज्वैलरी शॉप है। पास में ही एक डेयरी है। मंगलवार रात इन दोनों स्थानों पर चोरी हो गई थी। ललित के मुताबिक चोर उसकी दुकान से लगभग ढाई किलो चांदी और तीस ग्राम सोने के जेवर चोरी कर ले गए थे। दूध डेयरी से 45 हजार रुपये चोरी हुए थे। घटना का खुलासा करने के लिए अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी नृपेंद्र ने संडीला में ही डेरा डाल दिया था। घटनास्थल व आस पास लगे 42 सीसीटीवी फुटेज खंगाले में एक संदिग्ध व्यक्ति नजर आया। यह व्यक्ति घटना के पहले भी कई दिनों तक एक तय समय पर ज्वैलरी शॉप के आस पास दिखा था। पुलिस ने फुटेज से उसकी फोटो निकालकर पहचान कराने की कोशिश की।