सांडी थाना क्षेत्र के बरौलिया गांव में स्थित प्राचीन ठाकुर द्वारा मंदिर से चोरी हुईं राम, सीता और लक्ष्मण की मूर्तियां पुलिस ने बरामद कर ली हैं। सिंचाई विभाग के ठेकेदार ने लगभग 70-80 लाख रुपये का कर्ज उतारने के लिए अपने दो साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया था। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। इनके पास से घटना में इस्तेमाल की गईं दो बाइक, पीतल के 26 घंटे और घंटियां व मूर्तियों का एक आसन भी बरामद हुआ है। खुलासा करने वाली टीम काे एसपी ने 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।