हरदोई के आजाद नगर में रहने वाले जीएसटी के तीन अधिवक्ताओं के आवास पर मंगलवार को सीजीएसटी की इंटेलीजेंस टीम ने छापा डाला। मंगलवार दोपहर बाद पहुंची टीम देर रात तक यहां अभिलेखों की तलाश और पड़ताल करती रही। अधिवक्ताओं के यहां छापा पड़ने से चर्चाओं का दौर तेज है। शहर के आजाद नगर में एक ही मकान में एक ही परिवार के तीन अधिवक्ता रहते हैं। विश्वस्त सूत्रों के मुताबिक यह लोग जीएसटी की वकालत करते हैं, लेकिन जीएसटी में नियमित रूप से वकालत करने वाले ज्यादातर अधिवक्ता इन तीनों से अंजान हैं। केंद्रीय जीएसटी की एक टीम ने उक्त अधिवक्ताओं के आवास पर छापा डाला। सूत्र बताते हैं कि माल खरीद की फर्जी आईटीसी बनाने के मामले में छापा डाला गया है। मौके पर पुलिस कर्मी भी तैनात हैं। यहां अभिलेखों की जांच की जा रही है। चर्चा यह भी है कि छापा डालने वाली टीम में आगरा, लखनऊ और कानपुर के अधिकारी शामिल हैं।