हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर के छोटा बाजार में स्थित पुराने बंद पड़े स्कूल के भवन की दीवार सोमवार की देर शाम अचानक भरभरा कर ढ़ह गई। जिसकी चपेट में आने से कई लोग बाल-बाल बचे। घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। स्थानीय लोगों ने इस तरह के भवनों की जांच कराकर ध्वस्त कराने की मांग की है। ताकि भविष्य में कोई हादसा न हो सके। एसडीएम के आदेश पर पालिका ने भवन को गिराने का काम शुरू कर दिया। छोटे बाजार में स्थित स्कूल का पुराना भवन काफी समय से बंद पड़ा हुआ है। देखरेख के अभाव में भवन काफी जर्जर हो चुका है। रविवार और सोमवार को क्षेत्र में हुई झमाझम बारिश के कारण भवन की दीवार में पानी भर गया। सोमवार की शाम के समय अचानक दीवार ढह गई। इस दौरान वहां से गुजर रही महिला समेत अन्य लोग बाल-बाल बच गए।