उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में बुधवार को ओहियो, कैलिफोर्निया, न्यू जर्सी व अन्य अमेरिकी राज्यों से सैलानी भ्रमण और गंगा पूजन करने के लिए पहुंचे। विदेशी सैलानियों के गंगानगरी में पहुंचने पर स्थानीय लोग और अन्य श्रद्धालु उनके साथ सेल्फी लेने को आतुर दिखे। गंगानगरी के श्रीकृष्ण आश्रम में अमेरिकी सैलानी जॉन, एनजेलिना, जेन, एम्मा, आना, रिकान, सागे, पैसली, जेनिसिस, कैली, ब्रेली व अन्य लोग पहुंचे। जहां पर उन्होंने महंत सर्वेश्वरानंद सरस्वती व अन्य पुरोहितों द्वारा कराए गए विधिवत मंत्रोच्चारण के बीच हवन में आहुति देकर विश्व के मंगल की कामना की। जिसके बाद सभी लोग मां गंगा के तट पर पहुंचे और आचमन करने के उपरांत गंगा पूजन किया। मां गंगा पूजन और आरती कर वह सभी लोग काफी उत्साहित नजर आए। इसके अलावा उन्होंने मुख्य स्नानघाट, वेदांत मंदिर, अमृत परिसर मंदिर, हनुमान मंदिर, राधा-कृष्ण व अन्य मंदिरों में पहुंचकर पूजा भी की। एनजेलिना ने कहा कि भारत देश, यहां की संस्कृति, सभ्यता और संस्कारों का देखकर वह लोग अभिभूत हैं, यहां की मेहमान नवाजी और व्यंजन उन्हें बेहद पसंद आए। इस दौरान महेश चंद्र, कपिल शर्मा, अनिल कौशिक, योगेंद्र पहलवान, नंदकिशोर शर्मा, मनोज तिवारी, श्याम सुंदर शर्मा व अन्य मौजूद रहे।