हापुड़ थाना देहात क्षेत्र में किठौर रोड पर कार सवार एक चिकित्सक जुबैर खान पर बाइक सवार दो युवकों ने हमला बोल दिया। बदमाशों ने तमंचे की बट से वार कर उसे गोली मारने की नियत से फायरिंग करने की कोशिश की, लेकिन गोली नहीं चली। आसपास के लोगों के जुटने के बाद आरोपी फरार हो गए। पुलिस मामला रोडरेज से जुड़ा बता रही है। गांव असौड़ा निवासी डॉ. जुबैर खान ने बताया कि वह सिंभावली स्थित एक निजी अस्पताल में कार्यरत हैं। शनिवार की सुबह वह कार में सवार होकर सिंभावली जा रहे थे, जैसे ही वे किठौर रोड पर पहुंचे तो बाइक सवार दो युवकों ने बाइक को कार के आगे लगाकर रोक दिया। इससे पहले वे कुछ समझ पाते बाइक सवार दो युवकों ने तमंचे और डंडे से उनपर हमला बोल दिया। आरोपियों ने जबरदस्ती कार की खिड़की खोलने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं खुली। जिस पर डंडा मारकर शीशा तोड़ दिया। आरोप है कि आरोपियों ने तमंचे की बट से सिर पर वार कर उन्हें घायल कर दिया। तमंचे से फायर किया, लेकिन गनीमत रही कि गोली नहीं चली। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए। सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि मामला रोडरेज से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, जिसकी जांच की जा रही है। आरोपियों के बारे में जानकारी की जा रही है, जल्द ही रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।