चंदूपुर मार्ग की सड़क निर्माण की मांग को लेकर मंगलवार को बच्चों और ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। ग्रामीण तिरंगा झंडा लेकर करीब पांच किलोमीटर पैदल चलकर कलेक्ट्रेट पहुंचे और सड़क बनवाने की मांग को लेकर अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों का कहना है कि आजादी के बाद से अब तक गांव की सड़क का निर्माण नहीं हुआ है। सड़क की बदहाल स्थिति के कारण ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों के मुताबिक, सड़क निर्माण की मांग को लेकर पहले भी कई बार प्रदर्शन किया जा चुका है, लेकिन हर बार आश्वासन मिलने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ।