गोंडा जिले के विकासखंड छपिया क्षेत्र के साधन सहकारी समिति सिसई रानीपुर में बुधवार को खाद वितरण की खबर पर किसानों की भीड़ उमड़ पड़ी। तेज धूप के बाद भी किसान लाइन में लगे रहे। उमस में गर्मी से हाल-बेहाल किसान यूरिया खाद के लिए लाइन में लगे हुए थे। सुबह 11 बजे से वितरण शुरू हुआ। शाम तीन बजे तक टोकन पाये 130 किसानों में खाद वितरण हो चुका था। सचिव बृजेन्द्र शर्मा ने बताया कि तीन सौ किसानों का टोकन जमा था, सभी को खाद वितरित किया जाएगा।