गोंडा। कोतवाली नगर पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से पांच चोरी की मोटरसाइकिलें, एक मोबाइल फोन, नकदी, पेंट की डिब्बियां और ब्रश बरामद किया है। आरोपी चोरी की बाइक की पहचान मिटाकर फर्जी नंबर अंकित कर उन्हें कम कीमत पर बेच देते थे। चौकी प्रभारी गुरुनानक उपनिरीक्षक प्रशांत कुमार पांडेय अपनी टीम के साथ सोमवार को रेलवे स्टेशन मार्ग स्थित शेखपुर क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान एक खंडहर के पास से कटरा बाजार थाना क्षेत्र के सिंहपुर मौजा नकहा निवासी दुर्गेश मिश्रा, नगर कोतवाली क्षेत्र के पटेल नगर घोसियाना निवासी गुड्डू उर्फ हेटा तथा उमरीबेगमगंज थाना क्षेत्र के अमदही बाजार निवासी रूपेंद्र सिंह उर्फ रौनक को गिरफ्तार किया है। इनके पास से पांच चोरी की मोटरसाइकिलें, एक आईटेल कंपनी का मोबाइल फोन, 2580 रुपये नकद, दो पेंट की डिब्बियां और एक ब्रश बरामद हुआ है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे गोंडा और आसपास के जिलों से मोटरसाइकिल चोरी करते थे। चोरी के बाद बाइक की नंबर प्लेट तोड़ देते थे या पेंट से फर्जी नंबर लिखकर उसकी पहचान बदल देते थे। इसके बाद वाहनों को कम कीमत पर बेचकर अवैध कमाई करते थे।